गृह मंत्री व CM 218 करोड़ की लागत के 62 योजनाओं का करेंगे लोकार्पण, 4400 करोड़ की 54 योजनाओं का होगा जिले में शिलान्यास
गृह मंत्री व CM 218 करोड़ की लागत के 62 योजनाओं का करेंगे लोकार्पण, 4400 करोड़ की 54 योजनाओं का होगा जिले में शिलान्यास
आजमगढ़ में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सात अप्रैल के कार्यक्रम को लेकर अधिकारियों ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों ने संगीत घराना के नाम से मशहूर हरिहरपुर से लेकर जनसभा स्थल नामदारपुर में डेरा डाल दिया है। हरिहरपुर में संगीत महाविद्यालय शिलान्यास स्थल से लगभग आठ साै मीटर मुख्य सड़क से सटे नामदारपुर में हैलीपैड बन रहा है और वहीं जनसभा होगी। जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज, मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता, एडीएम प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य व एसपी सिटी शैलेंद्र लाल सहित प्रशासन व पुलिस के अन्य अधिकारियों के साथ हरिहपुर और नामादारपुर में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। हाईवे से सटे नामादारपुर गांव में रामाज्ञा यादव के छह एकड़ खेत में जनसभा होगी जबकि बगल में ही विनोद यादव के खेत में हेलीपैड बनेगा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी के कार्यक्रम को सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मुख्य विकास अधिकारी श्री प्रकाश गुप्ता के अनुसार जिला प्रशासन की तरफ से अब तक लाेकार्पण और शिलान्यास की परियोजनाओं की सूची में 218 करोड़ की 62 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाना है, जिसमें 22 करोड़, 41 लाख रुपये की लागत से बना हरिऔध कला भवन और तहसील सदर के गंभीरवन में 66 करोड़, 76 लाख रुपये से निर्मित अटल आवासीय विद्यालय शामिल है। वहीं जनपद में 1318 गांव में मिशन जल जीवन योजना का शिलान्यास किया जाना है। इसके अलावा अन्य भी कई महत्वपूर्ण योजनाएं जिसका शिलान्यास होना है। करीब 4400 करोड़ की लागत से 54 योजनाओं का शिलान्यास होगा।
Comments
Post a Comment